कृषि एवं संबद्ध विभागों की रहेगी सहभागिता, विभिन्न गावों में होगा कार्यक्रम
मेदिनीनगर (पलामू)
कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वाधान में 29 मई से 12 जून 2025 तक प्री-खरीफ विकसित कृषि संकल्प अभियान चलाई जाएगी। जिला कृषि पदाधिकारी-सह-आत्मा के परियोजना निदेशक दीपक कुमार ने बताया कि कृषि विज्ञान केन्द्र की ओर से चलाई जा रही इस अभियान में कृषि एवं उससे संबद्ध विभागों की सहभागिता रहेगी। यह अभियान पलामू जिले के विभिन्न गांवों में चलाई जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य उन्नत कृषि प्रौद्योगिकियों के साथ-साथ पशुधन, मुर्गीपालन, मत्स्यपालन आदि के बारे में किसानों को जागरूक किया जायेगा। वहीं कृषि विकास हेतु विभिन्न सरकारी योजनाओं और नीतियों के बारे में किसानों को अवगत कराया जाएगा। सॉयल हेल्थ कार्ड में सुझाई गई विभिन्न फसलों के चयन और संतुलित उर्वरकों के उपयोग के लिए किसानों को जागरूक और शिक्षित किया जाएगा। वहीं किसानों से फीडबैक लेकर उसका दस्तावेजीकरण किया जाएगा, ताकि वैज्ञानिक उनके द्वारा किए गए नवाचारों के बारे में जान सके और अनुसंधान की दिशा में निर्धारित कर सकें। इस अभियान के तहत किसानों क बीच बीज का भी वितरण किया जाएगा।