- हरिहरगंज ( पलामू ):
पिपरा प्रखंड क्षेत्र के बलहा मोड़ स्थित मैदान में रविवार को नौजवान संघर्ष क्रांतिकारी मोर्चा के गठन को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में महिला पुरुष ग्रामीण शामिल हुए। इसकी अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख विक्रांत सिंह यादव उर्फ गुड्डू यादव तथा संचालन पिपरा पंचायत के मुखिया पति रामाशीष पासवान ने की । कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहब डॉo भीमराव अम्बेडकर, भगवान बिरसा मुंडा तथा शहीद भगत सिंह के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड प्रमुख विक्रांत सिंह यादव उर्फ गुड्डू यादव ने कहा कि प्रखंड व अंचल कार्यालयों में भ्रष्टाचार की जड़ें गहरी होती जा रही है। सरकार के द्वारा गरीबों के उत्थान के लिए चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है जिससे आम लोग परेशान हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले दिनों क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के बाद हाइवा जलाने के मामले में पुलिस प्रशासन के द्वारा निर्दोष सहित कई नाबालिग छात्रों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। जो पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने पिपरा प्रखंड के चहुंमुखी विकास,जल जंगल और जमीन की सुरक्षा सहित जनहित के मुद्दों के समाधान को लेकर जाति, धर्म और दलगत भावना से ऊपर उठकर अपने हक और अधिकार के लिए एकजुट होने की लोगों से अपील की । कार्यक्रम को जिप सदस्य ददन पासवान तेंदुई मुखिया प्रतिनिधि अरविंद सिंह दलपतपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि राजेन्द्र यादव पलामू जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष अमरनाथ सिंह उर्फ कान्हा सिंह पूर्व मुखिया संजय भुईयां,रणधीर कुमार सिंह, अरूण मिश्रा,पपु यादव,रवि रौशन , सतेन्द्र यादव, सुनील यादव, हरि यादव ,विजय भुईयां,हरिवंश पासवान, सीताराम यादव, विजय यादव सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। सर्वसम्मति से नौजवान संघर्ष क्रांतिकारी मोर्चा के गठन के बाद पदाधिकारियों का चयन कर क्षेत्र के विकास का संकल्प लिया। इसमें सैंकड़ों लोगों ने सदस्यता ग्रहण की ।

