हरिहरगंज (पलामू)
पिपरा थाना क्षेत्र के गहौरा नहर के समीप गुरुवार को खलिहान की रखवाली करने के लिए बने झोपड़ी में खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर फट गया। इससे खाना बना रहे 70 वर्षीय युगेश्वर सिंह उर्फ बुकनी सिंह झुलस गए। वह तरवन कला गांव के रहने वाले हैं। इस घटना में झोपड़ी सहित खलिहान में रखे पुआल का ढेर जल कर खाक हो गया। पुआल की कीमत करीब दस हजार रुपए से अधिक बताई जाती है। घटना की जानकारी मिलते ही पिपरा थाना के एसआई नकुल शर्मा, मुंशी रविकांत कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर घायल वृद्ध को इलाज के लिए हरिहरगंज सीएचसी भेजा। वहीं ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। साथ ही आग की लपट से आस-पास के खलिहान को बचाया जा सका। उधर सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉo गोपाल प्रसाद ने बताया कि घायल व्यक्ति करीब 50 प्रतिशत जला है। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। आस-पास के लोगों ने बताया कि युगेश्वर सिंह खलिहान में झोपड़ी बनाकर फसल की रखवाली करते थे। घटना के वक्त वे पांच किलो ग्राम का सिलेंडर से खाना बना रहे थे। तभी सिलेंडर लिकेज होने से विस्फोट कर गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि तेज आवाज के साथ सिलेंडर का आधा भाग दक्षिण दिशा में तथा आधा उतर दिशा में करीब 200 फीट दूर जा गिरा।