सतबरवा में मना संविधान दिवससतबरवा (पलामू)

हम अपने स्वतंत्र भारत की रक्षा और संवैधानिक लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उक्त बातें सतबरवा प्रखंड के मुखिया सघ के प्रखंड अध्यक्ष गिरवर प्रसाद राम ने संविधान निर्माता बाबासाहेब अंबेडकर एवं भारत की संविधान पुस्तक पर पुष्प अर्पित कर संविधान दिवस मनाते हुए कही। मुखिया गिरवर प्रसाद राम ने कहा कि हम,भारत के लोग,भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक गणराज्य बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। हमारा संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को सामाजिक,आर्थिक और राजनीतिक न्याय के साथ-साथ विचार, अभिव्यक्ति,धर्म और उपासना की स्वतंत्रता का अधिकार प्रदान करता है। आज, हम संविधान में निहित इन मूल्यों की रक्षा और उसे मजबूत करने का संकल्प लेते हैं। संविधान बचाओ अभियान के राज्य सदस्य मनोज कुमार भुइया ने कहा की वर्तमान समय में जब धर्म और जाति के नाम पर सांप्रदायिक ताकतें अपनी जड़ें मजबूत कर रही हैं और कानून के शासन को “बुलडोजर राज” में बदलने का प्रयास किया जा रहा है, यह स्थिति गहरी चिंता का विषय है। सत्ता संरक्षित लोग संविधान का उल्लंघन कर रहे हैं और इसे चंद लोगों के हितों के अनुसार बदलने की कोशिश कर रहे हैं। इस साजिश का उद्देश्य हमारी सांस्कृतिक विरासत, गंगा-जमुनी तहज़ीब को मिटाना है।
पंचायत समिति सदस्य अशोक राम ने कहा देश में आर्थिक असमानता लगातार बढ़ रही है। गरीब और गरीब हो रहे हैं, जबकि अमीर और अमीर बनते जा रहे हैं। इसके साथ ही, सरकार द्वारा “क्रीमी लेयर” के नाम पर दलित समुदायों के बीच फूट डालने और उन्हें आपस में लड़ाने की कोशिश दुर्भाग्यपूर्ण है। मजदूरों का शोषण, किसानों का कर्ज के बोझ तले दबना, युवाओं का बेरोजगार होना, और शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं की दुर्दशा हमारे सामने स्पष्ट है।
वहीं पसस अशोक राम ने संकल्प लेते हुए कहा कि हम अपने संविधान की रक्षा करेंगे और उसमें निहित न्याय, समानता और स्वतंत्रता के सिद्धांतों को सशक्त करेंगे। हम सभी भारतवासियों के लिए न्याय, समानता और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
इस मौके पर भुइयां समाज के अध्यक्ष सीता राम भुइयां,सचिव योगेंद्र भुइयां गुलाब भुइयां, पुरणचन्द कुमार राम, विकास कुमार, सोनू कुमार, राजू कुमार, विजय चंद्रवंशी समेत कई लोग मौजूद थे।

Leave a Reply