शव को बोरे में भरकर जंगल में फेंका, पांच दिन बाद पुलिस ने किया बरामद
विश्रामपुर (पलामू)
एक कलयुगी मामा ने रिश्ता को शर्मशार करते हुए अपने सगे किशोर भांजे की हत्या कर दी। शव को एक बोरे में भरकर घर के पीछे जंगल में फेंक दिया। पांच दिन बाद पुलिस ने शव को बरामद किया। पुलिस हत्यारोपी मामा के गिरफ्तारी हेतु छापामारी कर रही है। मामला बिश्रामपुर थाना अंतर्गत नावाडीह ओपी क्षेत्र के सुदूरवर्ती गांव घासीदाग का है। मिली जानकारी के अनुसार घासीदाग गांव निवासी सोमर सिंह खरवार ने अपनी बेटी सुगिया देवी की शादी लगभग 10 वर्ष पूर्व छतरपुर थाना क्षेत्र में किया था। लेकिन पति ने एक वर्ष के बाद उसे छोड़ कर दूसरी शादी कर ली। जिसके बाद सुगिया देवी अपने मायके में ही रहने लगी। इसी बीच उसने एक बेटे को जन्म दिया। चार वर्ष पूर्व उसकी दूसरी शादी नावा बाजार थाना क्षेत्र के तमदागा गांव में हो गई। उसके पहले पति से पैदा हुआ बेटा अजय सिंह अपने ननिहाल घासीदाग में ही रह गया। उसके नाना सोमर सिंह खरवार उसका पालन पोषण करने लगे, अजय सिंह 14 नवंबर की शाम से एकाएक गायब हो गया। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल पाया। इसी बीच सोमर सिंह के घर के पीछे जंगल के पास एक केले के पेड़ों में से बदबू फैलने लगी। सोमवार को ग्रामीणों ने इसकी सूचना बिश्रामपुर थाना प्रभारी को दी। जिसके बाद विश्रामपुर व नावाडीह ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने केले के पेड़ों के बीच से एक बोरा बरामद किया। जिसे खोलने पर उसमें 10 वर्षीय अजय सिंह की सड़ी गली लाश निकली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु मेदिनीनगर भेज दिया। जहां से फोरेंसिक जांच हेतु शव की रिम्स भेजा गया। आरोप है कि अजय की हत्या उसके छोटा मामा लाला सिंह खरवार ने की है। लाला सिंह भी 14 नवंबर से ही फरार है। अजय की मां सुगिया देवी और उसके बड़े मामा बृजमोहन सिंह ने पुलिस को बताया कि हत्यारोपी लाला सिंह कई बार अजय को मारने की धमकी दे चुका था। वह अजय सिंह के घासीदाग रहने के कारण सबसे खफा रहता था। उसे लगता था कि उसके पिता सोमर सिंह अपने नाती अजय सिंह को जमीन में हिस्सा देकर उसे वहीं बसा देंगे। जिससे आक्रोशित होकर उसने अपने भांजे अजय की हत्या कर दी। नावाडीह ओपी प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि लाल सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी हेतु छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस के गिरफ्त में होगा।


 
							 
							