मेदिनीनगर (पलामू)
पाटन थाना क्षेत्र के भंडार गांव के पास रविवार शाम को अचानक नीलगाय के टेंपो के सामने आने से टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार लगभग आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में मेदिनीनगर के कांदू मोहल्ला निवासी सुनील राम की पत्नी प्रियंका कुमारी (उम्र 28), पुत्र लवीश कुमार (उम्र 5), शाली पम्मी कुमारी (उम्र 18), और पाटन के जांघासी गांव निवासी अजय भुइयां की पत्नी ममता देवी (उम्र 25) के साथ एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया। हालत गंभीर होने के कारण सभी घायलों को मदनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान बच्चे लवीश कुमार और दो महिलाओं, पम्मी कुमारी और ममता देवी की स्थिति गंभीर बनी हुई है। ममता देवी की स्थिति को देखते हुए उन्हें रांची रिम्स रेफर कर दिया गया है।
घटना की जानकारी पाकर पाटन पश्चिमी जिला परिषद सदस्य संग्राम सिंह अस्पताल पहुँचे और अपने देखरेख में सभी घायलों का इलाज करवाया।