जिप सदस्य बलवंत सिंह ने खरीदा पर्चा, निर्दलीय लड़ने की तैयारी

बरवाडीह (लातेहार)

मनिका विधान सभा मे राजनीति में हलचल मचाते हुए मनिका विधानसभा क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य बलवंत सिंह ने विधानसभा चुनाव के लिए पर्चा खरीद लिया है। बलवंत सिंह वर्तमान में भाजपा से जुड़े हैं और पार्टी की जिला कमिटी के सदस्य हैं, लेकिन उनके चुनाव लड़ने की घोषणा से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। बलवंत सिंह ने कहा कि यदि पार्टी उन्हें टिकट देती है, तो वे भाजपा के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे। लेकिन अगर पार्टी से टिकट नहीं मिलता, तो वे निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं। उन्होंने साफ किया कि मनिका की जनता की सेवा करना उनका प्रमुख उद्देश्य है, और वह किसी भी हालत में विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। बलवंत सिंह का कहना है, “मेरे लिए जनता की भलाई सबसे ऊपर है। भाजपा टिकट देती है तो ठीक, अन्यथा मैं निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ूंगा। मैंने महुआड़ाड़ निर्वाचन कार्यालय में नामांकन दाखिल करने की पूरी तैयारी कर ली है।”बलवंत सिंह के इस फैसले के बाद क्षेत्र में राजनीतिक समीकरण बदलने की संभावना है। भाजपा के लिए यह चुनौतीपूर्ण स्थिति बन सकती है क्योंकि बलवंत सिंह की पकड़ क्षेत्र में काफी मजबूत मानी जाती है। उनकी इस घोषणा के बाद मनिका विधानसभा क्षेत्र में नए समीकरण बनने शुरू हो गए हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बलवंत सिंह का निर्दलीय लड़ना भाजपा के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है, खासकर तब जब क्षेत्र में पार्टी के लिए नए चेहरे को स्थापित करना मुश्किल साबित हो। आने वाले दिनों में भाजपा की रणनीति और बलवंत सिंह के अगले कदम पर सबकी नजर रहेगी।

Leave a Reply