सड़क हादसे में ओबीसी एकता अधिकार मंच के केंद्रीय अध्यक्ष ब्रह्मदेव प्रसाद की कार हुई दुर्घटनाग्रस्त

ब्रह्मदेव प्रसाद सहित दो गंभीर रूप से हुए घायल

चालक की घटनास्थल पर ही हुई मौत, बिहार के बाराचट्टी थाना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना

विश्रामपुर (पलामू)

भीषण सड़क दुर्घटना में ओबीसी एकता अधिकार मंच के केंद्रीय अध्यक्ष ब्रह्मदेव प्रसाद सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि चालक की घटनास्थल पर हीं मौत हो गई। सड़क दुर्घटना मंगलवार की रात बिहार के बाराचट्टी थाना क्षेत्र में हुआ है।‌ बताया जाता है कि मंगलवार की रात ब्रह्मदेव प्रसाद रांची से गया जा रहे थे। गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी इनोवा कार को जोरदार टक्कर मार दी। घटना रात्रि एक बजे की बताई जा रही है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए । साथ हीं घटनास्थल पर ही चालक विजय शर्मा की दर्दनाक मौत हो गई। कार में सवार मंच अध्यक्ष ब्रह्मदेव प्रसाद व संतोष ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलावस्था में श्री प्रसाद व संतोष ठाकुर को गया स्थित रिम्स में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद श्री प्रसाद की गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया। जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। विदित हो कि ब्रह्मदेव प्रसाद विश्रामपुर विधान सभा क्षेत्र में काफी लोकप्रिय हैं। वे विश्रामपुर विधानसभा से से दो बार चुनाव भी लड़ चुके हैं। हालांकि उन्हें दोनो बार ही हार का सामना करना पड़ा है। इस बार भी वे पूरी ताकत के साथ चुनावी समर में उतरे हुए हैं। लेकिन इस दुर्घटना के बाद उनके समर्थक काफी दुखी व मायूस हैं। ओबीसी एकता अधिकार मंच के पदाधिकारी,सदस्य व समर्थक उनके जल्द स्वस्थ होने को लेकर विशेष पूजा-अर्चना व हवन करवा रहे हैं। इधर दुर्घटना पर कई लोगों ने दुःख जाहिर करते हुए प्रसाद के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

Leave a Reply