निर्माणाधीन एनएच 39 पर उड़ रहे धूल, लोगों का जीना हुआ दूभर

बिना सर्विस रोड बनाए जैसे तैसे चल रहा है आवागमन, आधा से अधिक लोगों को नहीं दिया जा रहा है मुआवजा

  • जनता का रहनुमा नेता और प्रशासन मौन, प्रशासन से स्थाई समाधान की मांग

विश्रामपुर (पलामू)

भारत माला प्रोजेक्ट के तहत भोगू से शंखा गांव तक एनएच-39 फोरलेन सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है। निर्माण कार्य भारत वाणिज्य इस्टर्न कंपनी लिमिटेड के द्वारा कराया जा रहा है। कंपनी की लापरवाही कहे या उनकी तानाशाही रवैया के कारण लोगों का जीना दुभर हो गया है। सड़क निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में डस्ट को भरा गया है। जिसपर पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा। गुजरती गाड़ीयों से वातावरण धुल-धुसरीत हो रहा है। मानो ऐसे जैसे वातावरण कुहासो से ढक गया हो। सामने से गुजरने वाले बाईक सवार व साईकल सवार लोगो को कुछ भी दिखाई नहीं देता। ऐसी स्थिति में वे दुर्घटना का शिकार हो रहे है। निर्माण करा रही कंपनी व विभाग की ओर से दुर्घटनाओ पर अंकुश लगाने का कोई पहल नहीं की गई। हर आये दिन दुर्घटनाएं हो रही है। दुर्घटनाओ को आमंत्रित कर रहे एनएच 39 के प्रति किसी का ध्यान नहीं जारहा। निर्माण करा रही कंपनी की ओर से सुरक्षा के लिए कोई कारगर उपाय भी नहीं किये गए हैं।
ब्रहमोरिया मोड़ पर फ्लाईओवर का निर्माण कराया जा रहा है। सड़क को क्षतिग्रस्त कर निर्माण कार्य को गति देने की शुरुआत की गई। लेकिन जमीनी विवाद सुलझाएं बिना कार्य शुरू कर दी गई। ब्रहमोरिया मोड़ पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के लगभग आधा-आधा किलोमीटर दोनों किनारे डायवर्सन बनाई गई है। जिसपर पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा। जिसके कारण उड़ रही धूल से एक तरफ जंहा राहगीर परेशान है तो वहीं हाईवे किनारे रह रहे लोगों का जीना भी मुहाल हो गया है। आलम यह है कि एक साथ जब कई गाड़ियां गुजरती है तो डस्ट से दिन में भी अंधेरा सा छा जाता है। डस्ट से लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी है। डस्ट से प्रभावित लोग टीवी रोग सहित स्वास रोग से संबंधित अन्य बीमारियों के शिकार होंगे। लेकिन संवेदक को इससे कोई लेना-देना नहीं है। कंपनी के अधिकारी सहित स्थानीय प्रशासन से लोगों ने कई बार इसकी शिकायत की। लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं। खाना पूर्ति करने के लिए केवल दिन में एक दो बार हल्का-फुल्का पानी का छिड़काव कर औपचारिकता पूरी कर दिया जाता है। एक ओर चिलचिलाती धूप तो दूसरी ओर शादी विवाह का लगन ऐसी स्थिति में सड़कों पर आवा गमन सामान्य दिनों से अधिक हो रहा है जिससे लोग परेशान हैं।

बाक्स : विरोध करने वाले पर कंपनी के द्वारा कराया जाता है दर्ज झूठा मुकदमा

एनएच लेन निर्माण कार्य को लेकर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की गई। लेकिन रैयतों को राशि का भुगतान भी नहीं किया गया। कंपनी प्रशासनिक सहयोग से जबरन कार्य करा रहे हैं। विरोध करने वाले पर कंपनी के द्वारा झूठा मुकदमा दर्ज करा परेशान किया जा रहा है। उन्हें थाना व कोर्ट दौड़ने को विवश किया जा रहा है। विवश ग्रामीण बोलने से डर रहे हैं। उड़ते धूलकण से परेशान कारोबारी सहित स्थानीय लोगों ने कहा कि कंपनी के लापरवाही के कारण जीना मुहाल हो गया है। आम लोगों की परेशानी से किसी को कोई लेना-देना नहीं है। सभी का व्यवसाय चौपट हो रहा है। मास्क पहन कर दुकान में बैठने के बाद भी सांस लेने में दिक्कत हो रही है। अगर यही स्थिति रही तो लोग कई गंभीर बीमारियों से ग्रसित हो जाएंगे।

Leave a Reply