भाजपा ने मनाया पार्टी का 44 वा स्थापना दिवस,प्रदेश अध्यक्ष ने संघर्ष भरे सफर को किया याद
विश्रामपुर (पलामू) :
बीमोड़ चंद्रवंशी कॉम्प्लेक्स में स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी का 44 वा स्थापना दिवस शनिवार को समारोह पूर्वक मनाया गया। स्थापना समारोह का आयोजन भाजपा ग्रामीण मंडल व नगर मंडल ने संयुक्त रूप से किया था। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी,पलामू सांसद विष्णु दयाल राम,पूर्व मंत्री सह विधायक रामचंद्र चंद्रवंशी,प्रदेश महामंत्री मनोज कुमार सिंह,जिलाध्यक्ष अमित तिवारी सहित भाजपा के कई दिग्गज नेता शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय,श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद कार्यालय के समक्ष बाबूलाल मरांडी ने पार्टी का झंडा फहराया। बाबूलाल मरांडी ने संघर्ष भरे सफर को याद करते हुए कहा कि 16अप्रैल 1980 को पार्टी की स्थापना राष्ट्रवादी सोच के साथ हुई थी। तब संस्थापक अध्यक्ष स्व अटल बिहारी बाजपेई ने कहा था कि अंधेरा छंटेगा कमल खिलेगा। आज उनका कथन सत्य हो चुका है।पार्टी संस्थापकों के त्याग और कार्यक्रताओं के समर्पण से आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। देश के संसद से लेकर विधानसभाओं में भाजपा का प्रतिनिधित्व सबसे ज्यादा है .
जिसका सारा श्रेय पार्टी के संघर्षशील कार्यकर्ताओं को जाता है। सांसद बी डी राम ने कहा कि भाजपा स्थापना काल से लेकर अब तक देश को समृद्ध और शक्तिशाली बनाना चाहती है। देश के सांस्कृतिक विरासत को आगे ले जाना चाहती है। पार्टी अपने मिशन में कामयाब भी रही। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश विश्वगुरु बनने की राह पर आगे बढ़ रहा है। देश की सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित किया जा रहा है। पूर्व मंत्री सह विधायक रामचंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि भाजपा देश की एकमात्र पार्टी है जो सबका साथ और सबके विकास की बात करती है। गरीबों के कल्याण और दबे कुचलों के उत्थान हेतु काम करती है। पार्टी का हर कार्यकर्ता देश हित का कार्य करता है। इससे पहले भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ ईश्वर सागर चंद्रवंशी ने प्रदेश अध्यक्ष श्री मरांडी को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर मंडल अध्यक्ष बबन राम व संचालन ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अमरेश तिवारी ने किया। मौके पर जिला उपाध्यक्ष रामचंद्र यादव,पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र पांडेय,जिला पार्षद विजय रविदास,पूर्व प्रमुख संतोष चौबे,सांसद प्रतिनिधि अनुज पांडेय,रामानंद तिवारी,विनय चौबे,उपेन्द्र तिवारी,मनीष गुप्ता,संतोष राम,किरण शर्मा,अर्चना चौधरी,सुनील कुमार चौधरी,विकाश चौबे मंटू, शिवबंश मिश्रा,अखिलेश चौबे,कुश कुमार ओझा,रामनिवास पांडेय मुन्ना सहित कई भाजपा नेता-कार्यकर्ता मौजूद थे।