महिलाओं ने निभाई पुरोहितों की भूमिका
मेदिनीनगर (पलामू)
मेदिनीनगर में एक विवाह हुआ, जो कई मामलों में अनूठा प्रयास कहा जा सकता है। पहली बात कि अंतरजातीय विवाह हुआ दूसरी बात की बिना तिलक-दहेज लिए विवाह हुआ और तीसरी महत्वपूर्ण बात यह रही कि यह विवाह आनंदमार्ग की महिला पुरोहित ने संपन्न कराया।
आनंदमार्ग प्रचारक संघ के रिवॉल्यूशनरी मैरिज एंड थॉट्स फॉर्म ने की पहल
आनंदमार्ग प्रचारक संघ के आरएम मैरिज फॉर्म की ओर से रविवार रात मेदिनीनगर के नई मोहोल्ला स्थित आनंदमार्ग जागृति में लेसलीगंज राजहारा निवासी रामसरूप सिंह व अनीता की सुपुत्री डॉ मधुमिता सिंह का विवाह बिहार के गया निवासी कैशलेंद्र कुमार के पुत्र लोकेश कुमार देव से आनंदमार्ग पद्धति से विवाह संपन्न हुआ। वर पक्ष से पुरोहित अचार्य ब्रजगोपालानंद अवधूत व वधू पक्ष से महिला पुरोहिता ब्रह्मचारिणी मंद्रिता आचार्य ने किया।
कैसे होता है क्रांतिकारी विवाह
पलामू के सीनियर आनंद मार्गी वह अधिवक्ता लक्ष्मण सिंह ने कहा कि क्रांतिकारी विवाह यानी बिना तिलक दहेज व जातिविहीन, संप्रदाय विहीन विवाह को आनंदमार्ग में प्राथमिकता दी जाती है। इस विवाह में वर एवं वधू दोनों के परिवार की सहमति अति आवश्यक है। दोनों परिवार वर-वधू समान विचारधारा के हों, तभी विवाह को सफल बनाया जाता है। भगवान का बनाया हर दिन होता है शुभ
आचार्य ब्रजगोपालानंद अवधूत ने कहा कि शादी-विवाह के लिए सभी समय, दिन, रात, सुबह सब जब सभी भगवान के ही बनाए हुए हैं तो सब कुछ समान है हर समय शुभ है। इसका भेदभाव समाज में खत्म करना होगा, तभी समाज का सर्वांगीण विकास संभव होगा। आचार्या ने कहा कि नारी और पुरुष दोनों एक ही परम पिता के संतान है क्योंकि दोनों परम पिता के संतान हैं, इसलिए जीवन की अभिव्यक्ति और अधिकार के क्षेत्र में दोनों को समान अधिकार है। महिलाओं को भी आनंदमार्ग में विवाह, दाह संस्कार व श्राद्ध कराने का अधिकार दिया गया है। महिलाओं को हर स्तर पर अधिकार देना होगा तभी महिलाओं का सर्वांगीण विकास संभव है।
आरएम मैरिज फॉर्म के सदस्य मनोज कुमार ने बताया कि आरएम मैरिज फॉर्म आनंदमार्ग का अंग है। इसके अधीन कई ऐसे लड़के लड़कियां हैं जिन्हें रजिस्टर किया जाता है और उनके अनुसार विवाह की बात एक दूसरे के परिवार से की जाती है। ऐसे ही यह भी विवाह किया गया है। इस विवाह समारोह में भुक्तिप्रधान मधेश्वर देव, बैजनाथ देव, विश्वनाथ सिंह, मणिकांत, गोपाल, अरविंद, चंदू, सरोज, प्रदीप, राहुल, दीपक, नंदलाल, चंदन, पन्नालाल, गणेश, सहज प्रिया, पूनम, रेनू, समेत सैकड़ो लोग उपस्थित रहें।