मास्टर ट्रेनर के लिए दृढ़ आत्मविश्वास जरूरी:-डीपीआरओ।

सतबरवा (पलामू)

कुशल प्रशिक्षक के लिए दृढ़ आत्मविश्वास जरूरी है। इससे प्रशिक्षक विषय वस्तु की सही तरीके से व्याख्या कर सहजतापूर्ण अपने सामने बैठे लोगों को समझा सकता है। साथ ही उनके मनोभावों का आकलन कर चर्चा को धारदार बना सकता है। उक्त बातें जिला पंचायती राज पदाधिकारी सह प्रशिक्षण संस्थान के प्रभारी प्राचार्य विनय श्रीवास्तव ने कही। वे गुरुवार को सतबरवा प्रखंड क्षेत्र के सरजा गांव स्थित प्रमंडलीय प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित मुखिया मास्टर प्रशिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान बॉडी लैंग्वेज भी मायने रखता है। प्रशिक्षक का हाव-भाव प्रशिक्षण ले रहे लोगों पर मनोवैज्ञानिक प्रभाव डालता है पंचायती राज विभाग के प्रशिक्षक त्रिलोकी कर्ण व सत्यानंद शुक्ल ने मास्टर शिक्षक का प्रशिक्षण ले रहे मुखिया लोगों को जीपीडीपी के विभिन्न बिंदुओं की क्रमवार जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मास्टर प्रशिक्षक को पंचायती राज विभाग व सरकार की ओर से जारी अधिकतम दिशा निर्देशों की जानकारी जरूरी है। इधर चार दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के तीसरे दिन ट्रेनिंग ले रहे मुखिया लोगों ने गांव भ्रमण का प्रेजेंटेशन दिया। इसमें गांव की भौगोलिक सीमा के अंतर्गत आने वाले विभिन्न संसाधनों के माध्यम से आय के साधन,समस्याएं व समाधान के उपायों की चर्चा की गई थी। मौके पर डीपीएम प्रकाश झा आदि मौजूद थे।

Leave a Reply